Ad Code

20वीं फैज मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता: दानापुर मध्य रेलवे सेमीफाइनल में



बक्सर । ऐतिहासिक किला मैदान में आयोजित 20वीं फैज मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सोमवार को दानापुर मध्य रेलवे टीम ने मोतिहारी की टीम को 32 रनों से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मुकाबले को देखने के लिए किला मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा।


टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दानापुर मध्य रेलवे की टीम ने निर्धारित 21 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 223 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से मो. तौफिक ने शानदार 74 रन बनाए, जबकि कप्तान रोहित राज ने नाबाद 56 रनों की अहम पारी खेली। इसके अलावा प्रभात राज ने 26, दिवाकर ने 14 तथा परमजीत और चैतन्य ने 13–13 रनों का योगदान दिया। मोतिहारी की ओर से बिहार टीम के कप्तान शकीबुल गनी ने तीन विकेट झटके, जबकि बादल, मो. एजाज और निखिल को एक-एक सफलता मिली।




224 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मोतिहारी की टीम 19.3 ओवर में 191 रनों पर ऑल आउट हो गई। मोतिहारी की ओर से समीर अख्तर ने सर्वाधिक 85 रन बनाए। वहीं देवा ने 22, मो. एजाज ने 21 और अमन ने 17 रनों की पारी खेली। टीम के कप्तान शकीबुल गनी मात्र छह रन बनाकर आउट हो गए। दानापुर मध्य रेलवे की ओर से परमजीत ने तीन विकेट लिए, जबकि सागर तिवारी, निशांत और रोहित राज ने दो-दो विकेट हासिल किए।


इस तरह दानापुर मध्य रेलवे टीम ने मोतिहारी को 32 रनों से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब मंगलवार को सेमीफाइनल मुकाबला बिहार की राजधानी पटना की टीम और दानापुर मध्य रेलवे के बीच खेला जाएगा।


मैच का उद्घाटन डीडीसी निहारिका छवि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार स्थानीय सांसद सुधाकर सिंह ने दानापुर मध्य रेलवे के कप्तान रोहित राज को प्रदान किया। अंपायरिंग की भूमिका बीसीए स्टेट पैनल के राजेश कुमार यादव और संजीव कुमार तिवारी ने निभाई। पूरे मैच का सीधा प्रसारण सुशांत ब्लास्टर पर किया गया।

आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के सक्रिय सदस्य ओमजी यादव, नियमतुल्लाह फरीदी, डॉ. श्रवण तिवारी, फरह अंसारी, संजय राय, सेठ छन्नूलाल, शेषनाथ यादव, परमा यादव, बंटी शाही, इंद्र प्रताप सिंह, मनोज शर्मा, दीनानाथ ठाकुर सहित अन्य का सराहनीय योगदान रहा।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu