बक्सर । देव-दीपावली के पावन अवसर पर बक्सर की पवित्र भूमि पर 5 नवंबर की संध्या गंगा महाआरती का भव्य आयोजन किया जाएगा। विश्वामित्र सेना के तत्वावधान में यह दिव्य कार्यक्रम 05 नवंबर की शाम 5:30 बजे से रामरेखा घाट स्थित पुराने विवाह मंडप परिसर में संपन्न होगा। पुजारी लाला बाबा ने बताया कि श्री गंगा आरती सेवा समिति ट्रस्ट के सौजन्य से आयोजित इस आरती का आयोजन पूर्ण श्रद्धा और वैदिक विधि-विधान से किया जाएगा।
आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था एवं संचालन विश्वामित्र सेना के कार्यकर्ताओं द्वारा किया जा रहा है। गंगा तट पर होने वाली यह महाआरती न केवल भक्ति और आस्था का प्रतीक होगी, बल्कि सनातन संस्कृति और परंपरा की गूंज से पूरा रामरेखा घाट आलोकित होगा। दीपों की लौ और मंत्रोच्चार के साथ गंगा तट का दृश्य अद्भुत और अलौकिक बनने की उम्मीद है।
विश्वामित्र सेना ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर दीप प्रज्वलित करें और गंगा मैया की आरती में सम्मिलित होकर इस पवित्र पर्व के साक्षी बनें।
मौके पर विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने कहा कि गंगा हमारी संस्कृति की आत्मा हैं। बक्सर की यह भूमि महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि रही है। देव-दीपावली के इस अवसर पर गंगा आरती के माध्यम से हम गंगा मैया की आराधना के साथ सनातन धर्म की मूल चेतना को पुनः जागृत करने का संकल्प ले रहे हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments