बक्सर । औद्योगिक थाना पुलिस ने शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए गोलम्बर गंगा सेतु के पास से एक ट्रक को पकड़ लिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में ट्रक से 393 पेटी विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 3529 लीटर बताई गई है। शराब को भूसी की आड़ में छिपाकर बिहार में खपाने की तैयारी थी।
थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि ट्रक पंजाब रजिस्ट्रेशन नंबर का 14-चक्का वाहन है, जो गंगा सेतु पार करने के बाद NH-922 के रास्ते बिहार के किसी जिले में जाने वाला था। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक को रोका गया। जांच के दौरान सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय भी मौके पर पहुंचे और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया।
गिरफ्तार चालक की पहचान संजय कुमार (पिता—सूरजभान), निवासी एपीमजरा, थाना गोहाना, जिला सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। उसके पास से 8000 रुपये नकद, एक मोबाइल और जीपीएस भी बरामद किया गया।
सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि हरियाणा से शराब लोड कर बिहार में सप्लाई की योजना थी। इस मामले में अन्य तीन तस्करों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस की यह कार्रवाई बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान को एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments