महादेवा घाट से रानी घाट तक सफाई, सुरक्षा व रोशनी की व्यवस्था को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश
बक्सर । लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। रविवार को बक्सर जिला प्रशासन एवं नगर पंचायत चौसा की ओर से व्यापक तैयारियों की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी विद्यानंद सिंह, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (बक्सर अनुमंडल) गौरव पांडे, कार्यपालक पदाधिकारी चौसा रानी कुमारी, अंचलाधिकारी नीलेश कुमार, थानाध्यक्ष शंभू भगत तथा नगर पंचायत चौसा के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि डॉ. मनोज कुमार यादव ने आज महादेवा घाट से रानी घाट तक नाव द्वारा सभी प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम विद्यानंद सिंह ने घाटों पर चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया कि आज शाम तक सभी घाटों की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि “छठ बिहार की पहचान और आस्था का प्रतीक पर्व है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और पर्व के सफल आयोजन में कोई कमी न रहे।”
पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने कहा कि छठ पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता में है। सभी घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है, ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी और पेट्रोलिंग दल लगातार सक्रिय रहेंगे ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
वहीं अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि सभी घाटों पर प्रशासनिक अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं आवागमन की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विभागों के बीच निरंतर समन्वय किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में व्रत संपन्न कर सकें।
मुख्य पार्षद प्रतिनिधि डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि नगर पंचायत द्वारा सभी घाटों पर सफाई, बैरिकेडिंग और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि “छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
निरीक्षण के बाद डीएम, एसपी और एसडीओ ने पर्यटन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया और इसके बाद ऐतिहासिक शेरशाह–हुमायूं युद्धस्थल का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर नगर पंचायत चौसा के वार्ड पार्षद चंदन चौधरी, महेंद्र पांडे, आनंद रावत, गोलू उपाध्याय, मोहम्मद रिजवान खान, मटर यादव, कैप्टन अशोक यादव, भरत पांडे, अश्विनी वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय अधिकारी उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






























0 Comments