बक्सर । आगामी त्योहारों के दौरान शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) बक्सर ने “ऑपरेशन सतर्क” के तहत सघन अभियान चलाया। निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार सिंह के निर्देशन में सब इंस्पेक्टर विजेंद्र मुवाल, आरक्षी सर्वेश यादव, प्रधान आरक्षी राजेश यादव तथा जीआरपी सिपाही पिंटू कुमार की संयुक्त टीम ने रविवार को कार्रवाई की।
टीम ने सुबह लगभग 11:20 बजे मगध एक्सप्रेस (20802) के गुजरने के बाद प्लेटफार्म नंबर एक के नए पुल की सीढ़ियों के पास तीन संदिग्ध व्यक्तियों को देखा। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे, लेकिन तत्काल दबोच लिए गए। तलाशी के दौरान तीनों के कपड़ों के नीचे छिपाई गई आफ्टर डार्क ब्रांड की 72 बोतलें (कुल 12.960 लीटर) बरामद हुईं, जिसकी अनुमानित कीमत ₹10,800 बताई गई है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बबलू कुमार (दानापुर कैंट), काजू कुमार और मंजय कुमार (दोनों नौबतपुर, पटना) के रूप में हुई। तीनों ने शराब तस्करी की बात स्वीकार की। बरामद शराब और अभियुक्तों को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी बक्सर को सौंप दिया गया।
निरीक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि “ऑपरेशन सतर्क” के तहत रेलवे मार्ग से शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






























0 Comments