बक्सर । राजपुर प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। दिन-रात का फर्क मिटाकर अधिकारी कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं।
शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह, डीआईजी सत्य प्रकाश, एसपी शुभम आर्य व डीडीसी आकाश चौधरी ने संयुक्त रूप से अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान सैंथू पोखरा से लेकर राजपुर कार्यक्रम स्थल तक सड़क पिचिंग कार्य लगातार जारी रहा। एसडीएम अविनाश कुमार की देखरेख में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
डीएम ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। डीडीसी आकाश चौधरी लगातार तैयारियों का निरीक्षण कर डीएम को अपडेट जानकारी उपलब्ध करा रहे थे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने देर रात तक मंथन किया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सीएम के आगमन को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने विशेष इंतजाम किए हैं। करीब पांच सौ पुलिस पदाधिकारी व एक हजार जवानों की तैनाती हेलीपैड से लेकर संवाद स्थल तक विभिन्न स्थानों पर की गई है। पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा से संबंधित कई विशेष निर्देश दिए गए हैं। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है ताकि भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके।
एसपी शुभम आर्य खुद सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सड़क किनारे भीड़ न लगे, इसके लिए दंडाधिकारियों की विशेष तैनाती की गई है।
सीएम के नजदीक जाने पर रोक
जिला प्रशासन ने साफ निर्देश जारी किया है कि मुख्यमंत्री के निकट जाने की अनुमति किसी को भी नहीं होगी। डीआईजी सत्य प्रकाश ने बताया कि बिना अनुमति और जांच के कोई भी व्यक्ति सीएम को फूल-माला नहीं पहना सकेगा। साथ ही झोला और छाता लेकर मंच पर जाने की भी सख्त मनाही रहेगी।
डीएम डॉ. विद्यानंद सिंह ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और कार्यक्रम को सुरक्षित व सफल बनाने के लिए सभी अधिकारी लगातार निगरानी में जुटे हुए हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments