बक्सर । सिमरी थाना क्षेत्र के सतफेडवा गांव स्थित माँ काली मंदिर में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार सुबह 11 बजकर 28 मिनट पर दो अज्ञात चोर मंदिर में घुसे और माँ की प्रतिमा से सोने के आभूषण चुरा ले गए। चोरी गए गहनों में मौका आंख, नथिया, मांगटीका और सोने का हार शामिल है।
मंदिर के देखरेखकर्ता कृष्ण बिहारी दुबे (45 वर्ष, पिता स्व. शंकर दुबे, निवासी सतफेडवा) ने बताया कि पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोरों की गतिविधि साफ दिखाई दे रही है। पीड़ित ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है, करीब तीन महीने पूर्व भी मंदिर से चोरी हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी। बावजूद इसके पुनः इस तरह की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
ग्रामीणों ने इस वारदात के बाद गहरी नाराजगी जताई और पुलिस प्रशासन से चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। उनका कहना है कि धार्मिक स्थल पर लगातार चोरी होना आस्था पर आघात है। वहीं, मंदिर के देखभालकर्ता ने सिमरी थानाध्यक्ष को आवेदन देकर इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाई जाती तो इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सकती थी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुट गई है और जांच की जा रही है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments