Ad Code

चौसा नगर पंचायत की बैठक में विकास योजनाओं को मिली हरी झंडी


बक्सर । नगर पंचायत चौसा की सशक्त स्थायी समिति की बैठक गुरुवार को मुख्य पार्षद किरण देवी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन कार्यपालक पदाधिकारी शुभम कुमार ने किया। इस दौरान नगर के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।


बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि नगर के विकास कार्यों के लिए बिहार सरकार द्वारा निर्धारित होल्डिंग टैक्स की वसूली की जाएगी। मुख्य पार्षद ने कहा कि टैक्स वसूली से पहले आमजनों को जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाएगा, ताकि लोगों को इसकी आवश्यकता और महत्व समझ में आए।

नगर पंचायत क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रत्येक वार्ड में स्ट्रीट लाइट, वेलकम गेट और पेयजल सुविधा हेतु बोरिंग की स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही विकास चौक, यादव मोड़, दुर्गा मंदिर तथा चौसा गोला चौक को आकर्षक स्वरूप देने के लिए पीडब्ल्यूडी से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त करने का प्रस्ताव रखा गया। वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को देखते हुए वॉकिंग जोन में सीमेंटेड कुर्सियां लगाने का निर्णय भी लिया गया।


बैठक में नली-गली निर्माण सहित अन्य योजनाओं पर भी मुहर लगी। वहीं, कनीय विद्युत अभियंता को नगर क्षेत्र में विद्युत खपत का आकलन करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में समिति सदस्य ललिता देवी, चंदन चौधरी, आनंद कुमार रावत, सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी मोहम्मद अरशद हैदर नक़वी, कनीय विद्युत अभियंता और प्रभारी प्रधान सहायक सत्य प्रकाश उपस्थित रहे।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu