बक्सर । जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़री के मुखिया दीपनारायण सिंह ने इस वर्ष गर्मी के मौसम में आम जनता को राहत देने के लिए एक बड़ी और सराहनीय पहल की है। पानी की किल्लत और भीषण गर्मी से जूझते लोगों के लिए पंचायत क्षेत्र के सार्वजनिक स्थल आशा पड़री मोड़ पर वाटर एटीएम कूलर स्थापित किया गया हैं। खास बात यह है कि मुखिया दीपनारायण सिंह द्वारा उद्धघाटन किये जाने के साथ ही वाटर कूलर पूरी तरह से चालू हो चुका हैं और इनसे आम राहगीरों तथा स्थानीय नागरिकों की प्यास बुझ रही है।
पड़री पंचायत के मुखिया दीपनारायण सिंह ने बताया कि गर्मी के मौसम में राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को आर्सेनिक मुक्त शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाटर एटीएम कूलर की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि पड़री पंचायत बक्सर जिले का ऐसा पंचायत बन गया है, जहां इस तरह से सार्वजनिक स्थान पर ठंडे पानी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
मुखिया ने कहा कि भीषण गर्मी में जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है, ऐसे समय में राहगीरों और मजदूरों के लिए यह पहल राहत लेकर आई है। आने-जाने वाले लोग वाटर कूलर से ठंडा पानी पीकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं और पड़री पंचायत के इस प्रयास की सराहना कर रहे हैं। वही उन्होंने कहा कि पंचायत इस व्यवस्था के नियमित रखरखाव और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दे रहा है ताकि लोगों को लगातार आर्सेनिक मुक्त स्वच्छ और शीतल पानी मिलता रहे।
वही स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा, "पड़री पंचायत द्वारा वाटर कूलर की स्थापना समाज के प्रति एक सकारात्मक प्रयास है। गर्मी में शुद्ध और ठंडे पानी की सुविधा स्वास्थ्य और स्वच्छता दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।" ग्रामीणों ने कहा कि जनता को गर्मी में राहत देने के साथ ही स्वच्छ पेयजल की सुविधा देना एक सराहनीय कार्य है, जिसे अन्य पंचायतों को भी अपनाना चाहिए।
मुखिया दीपनारायण सिंह द्वारा लगाए गए वाटर एटीएम कूलर से क्षेत्र के लोगों को भारी लाभ मिल रहा है। खासकर इन दिनों जब तापमान तेजी से बढ़ रहा है, तब बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर ठंडे पानी की उपलब्धता किसी वरदान से कम नहीं है। राहगीर, दुकानदार और मजदूर सभी इस व्यवस्था से लाभान्वित हो रहे हैं।
मुखिया की ओर से बताया गया कि जल्द ही अन्य स्थानों पर भी वाटर एटीएम लगाने की व्यवस्था की जाएगी साथ ही वाटर कूलरों के संचालन और रखरखाव के लिए एक निगरानी समिति बनाई जाएगी, जो समय-समय पर इनकी स्थिति की जांच करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि पानी की गुणवत्ता भी बनी रहे। साथ ही स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा ताकि वाटर कूलरों के आसपास सफाई बनी रहे और किसी प्रकार की गंदगी न फैले।
बता दें कि सिमरी प्रखंड के पड़री ग्राम पंचायत की यह पहल अब जिले में एक मिसाल बन रही है। अगर अन्य पंचायतें भी इसी तरह की जनहितकारी योजनाओं को अपनाएं तो ग्रामीण इलाकों में भी भीषण गर्मी के दौरान लोगों की प्यास बुझाई जा सकती है और उन्हें राहत मिल सकती है।















0 Comments