Ad Code

हेरिटेज स्कूल में बच्चों ने मिट्टी के दीयों में उकेरी कल्पनाएं, ‘एक दीया शहीदों के नाम’ अभियान को दिया नया रंग


दोनों शाखाओं में दीपोत्सव पर दीया निर्माण एवं रंग-सज्जा प्रतियोगिता आयोजित, कक्षा 5 से 9 तक के विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

बक्सर । दीपावली के पर्व को कला, संस्कृति और देशभक्ति के भाव से जोड़ते हुए हेरिटेज स्कूल, बक्सर की चरित्रवन एवं अर्जुनपुर शाखाओं में 3 और 4 नवंबर को दीया निर्माण एवं रंग-सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें दोनों शाखाओं के कक्षा 5 से 9 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा से साधारण मिट्टी के दीयों को आकर्षक रंगों, डिजाइनों और आकृतियों से सजाकर मनमोहक रूप दिया।



प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की ओर से तैयार कलाकृतियों का विद्यालय की फाइन आर्ट विशेषज्ञों की टीम ने बारीकी से मूल्यांकन किया। प्रत्येक कक्षा से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. प्रदीप पाठक ने बच्चों की रचनात्मकता और कलात्मक कौशल की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे में असीम प्रतिभा और कल्पनाशीलता होती है। जरूरत है उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की। विद्यालय के प्रेसिडेंट प्रेम पाठक एवं प्राचार्या डॉ. सुषमा कुमारी ने भी विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, सहयोग की भावना और भारतीय संस्कृति के प्रति जुड़ाव विकसित करती हैं।

कार्यक्रम वरिष्ठ शिक्षक विद्युत नस्कर एवं विकासलता कुजूर के मार्गदर्शन और निगरानी में संपन्न हुआ।



‘एक दीया शहीदों के नाम’ बना आयोजन का खास आकर्षण

इस आयोजन का सबसे भावुक और प्रेरणादायी पक्ष देशभक्ति से जुड़ी पहल रही। विद्यार्थियों ने अपने हाथों से तैयार किए गए दीये कक्षा 10 के वरिष्ठ विद्यार्थियों को सौंपे, ताकि इन्हें ‘एक दीया शहीदों के नाम’ अभियान में शामिल किया जा सके। इस पहल के माध्यम से बच्चों ने देश की रक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान व्यक्त किया।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि जिन वीर जवानों के साहस और बलिदान के कारण देशवासी सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना पाते हैं, उनके सम्मान में दीप जलाना सच्ची श्रद्धांजलि है। यह पहल बच्चों में देशप्रेम, कृतज्ञता और राष्ट्रीय गौरव की भावना विकसित करने का सार्थक प्रयास है।

हेरिटेज स्कूल की दोनों शाखाओं में आयोजित यह कार्यक्रम कला, संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रभक्ति के सुंदर समन्वय का उदाहरण बना।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu