Ad Code

नाबालिग को लखनऊ ले जाकर यौन शोषण का आरोप, अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल कर लाखों रुपये वसूलने की शिकायत


बक्सर । नगर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के यौन शोषण, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और रंगदारी के रूप में लाखों रुपये वसूलने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित के पिता ने नगर थाने में लिखित आवेदन देकर चार युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है।


आवेदन के अनुसार, पीड़ित का करीब छह महीने पहले काजू वर्मा नामक युवक के साथ लखनऊ गया था। पिता का आरोप है कि वहां उसे एक क्लब में ले जाकर लड़कियों के साथ डांस कराया गया और उसका वीडियो बनाया गया। इसके बाद एक कमरे में ले जाकर काजू वर्मा और उसके साथ मौजूद एक अज्ञात महिला ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और यौन दुर्व्यवहार किया। इस दौरान भी उसका वीडियो बनाए जाने का आरोप है।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि काजू वर्मा ने वीडियो अपने अन्य सहयोगियों अंकित कुमार, आदित्य कुमार और सन्नी कुमार को भेज दिया। इसके बाद सभी आरोपित वीडियो सार्वजनिक करने और उसके माता-पिता को दिखाने की धमकी देकर किशोर को ब्लैकमेल करने लगे। डर और दबाव में आकर किशोर अपने पिता की दुकान से प्रतिदिन करीब तीन से चार हजार रुपये चोरी-छिपे निकालकर उन्हें देने लगा।



परिजनों के मुताबिक, बाद में अंकित कुमार ने किशोर से 5.50 लाख रुपये दिलाने की बात कही। आरोप है कि इस रकम को लेकर स्टांप पेपर पर लिखित दस्तावेज भी तैयार कराया गया। वहीं, 20 नवंबर 2026 को चारों आरोपितों ने किशोर को दोबारा बुलाया और कथित तौर पर उसके साथ दुर्व्यवहार करते हुए उसे पटना ले गए, जहां छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पिता पटना पहुंचे और बेटे को वापस बक्सर लेकर आए। इसके बाद किशोर ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

पीड़ित के पिता ने पुलिस से मामले की गंभीरता और किशोर की नाबालिग उम्र को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

वही,नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह ने मामले को गम्भीरता से लेते हुए तुरन्त छानबीन शुरू कर दी है उम्मीद जताई जा रही है कि पुलिस की अनुसंधान में जल्द ही पूरे मामले की सच्चाई और दोषियों के नाम उजागर हो जायेगे।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu