- चोरी के आभूषण गलाकर बेचने का आरोप, पुलिस ने पीतल-कांसे के बर्तन समेत कई सामान किए बरामद
बक्सर । नगर थाना क्षेत्र के नया बाजार स्थित अकौरा पथ पर दो घरों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। 17 से 24 सितंबर के बीच हुई इन घटनाओं में कीमती सामान और आभूषणों की चोरी की गई थी। गिरफ्तार आरोपितों में एक जेवर व्यवसायी भी शामिल है, जिस पर चोरी के आभूषणों को गलाकर बेचने का आरोप है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर पुराना गैस सिलेंडर, पीतल और कांसे के बर्तन समेत चोरी के कई सामान बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, चोरी की शिकायत मिलने के बाद एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहन राम, सन्नी देवओल, मनदीप कुमार, शुभम कुमार, बजरंगी प्रसाद और हरेंद्र यादव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार बजरंगी प्रसाद जेवर व्यवसायी है। उस पर चोरी के आभूषणों को गलाकर बेचने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार पांच अन्य आरोपितों ने चोरी के आभूषण उसे देने की बात स्वीकार की है।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ गौरव पांडेय, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस बरामद सामान और मामले से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। चोरी के आभूषणों को कथित तौर पर खपाने में शामिल लोगों और पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। टाउन थानाध्यक्ष मनोज सिंह ने कहा कि चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments