Ad Code

गंगाधारी ब्रह्म बाबा के वार्षिकोत्सव पर सजी सांस्कृतिक संध्या, कमलबास कुंवर और प्रभुनाथ तिवारी ने बांधा समां, कुचायकोट विधायक पप्पू पांडेय ने किया उद्घाटन, बोले- गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा ही सबसे बड़ी भक्ति


बक्सर । सिमरी प्रखंड की गायघाट पंचायत के छोटका सिंहनपुरा गांव में मंगलवार की रात गंगाधारी ब्रह्म बाबा के वार्षिकोत्सव पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भोजपुरी के प्रसिद्ध व्यास कमलबास कुंवर और प्रभुनाथ तिवारी ने अपनी पारंपरिक गायकी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देवी वंदना के साथ शुरू हुई सांस्कृतिक संध्या में भक्ति और लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला।



कार्यक्रम का उद्घाटन कुचायकोट के विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा करना ही सबसे बड़ी भक्ति है। समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य होना चाहिए। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और लोक परंपराओं को मजबूत करते हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत भोजपुरी गायक प्रभुनाथ तिवारी ने देवी वंदना से की। इसके बाद कमलबास कुंवर और प्रभुनाथ तिवारी ने अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियों से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। उनकी गायकी पर श्रोताओं ने खूब तालियां बजाईं। कार्यक्रम के दौरान गांव में उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा।



इस अवसर पर जदयू के प्रदेश सचिव विनोद राय ने मुख्य अतिथि विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। जदयू के प्रदेश सचिव विनोद राय ने कहा कि गंगाधारी ब्रह्म बाबा का वार्षिकोत्सव हमारी धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं। भोजपुरी लोकगीत और पारंपरिक गायन हमारी सांस्कृतिक विरासत हैं, जिन्हें सहेजकर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

वहीं, ब्रह्म बाबा सेवा समिति के अध्यक्ष राजकुमार मिश्र के नेतृत्व में श्रीराम मिश्र, बंधन मिश्र, नारदमुनी मिश्र, आचार्य शैलेन्द्र मिश्र और हरेन्द्र मिश्र ने अतिथियों का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया।

कार्यक्रम में जदयू प्रदेश सचिव विनोद राय,समाजसेवी बबली दुबे,कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय, मुखिया प्रेमसागर कुंवर, अशोक राय, दिनेश पांडेय, वीरेंद्र पाठक, अंशु कुमारी, भोला ओझा और युवा समाजसेवी शिवम सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu