- खनिता गांव में विधायक संतोष निराला ने किया उद्घाटन, पूर्व मुखिया निधू राय की भजन प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को किया मंत्रमुग्ध
बक्सर । इटाढ़ी प्रखंड के खनिता गांव में महावीरी पूजा महोत्सव के अवसर पर भव्य दुगोला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान पारंपरिक लोकगीतों, भजनों और लोकगायकी की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। प्रतियोगिता में अरविंद सिंह अभियंता उर्फ लंगड़ा ब्यास और बूढ़ा ब्यास के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। दोनों कलाकारों ने अपनी गायकी और शानदार प्रस्तुति से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और संगीत प्रेमियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का उद्घाटन राजपुर के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक संतोष निराला ने फीता काटकर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि खनिता गांव में कई वर्षों से इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होता आ रहा है और वे भी लंबे समय से इसमें शामिल होते रहे हैं। ऐसे आयोजन हमारी लोककला, ग्रामीण परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक एकता को भी बढ़ावा मिलता है।
पूर्व मुखिया निधू राय के भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल
महावीरी पूजा महोत्सव का विशेष आकर्षण विधायक सरजू राय की बहू एवं पूर्व मुखिया निधू राय की भजन प्रस्तुति रही। उन्होंने अपनी मधुर आवाज में भजन प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों और श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी भक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति से कार्यक्रम स्थल का माहौल भक्तिमय हो गया। श्रोताओं ने तालियों के साथ उनकी प्रस्तुति की सराहना की।
ग्रामवासियों की खुशी में सहभागी बनना मेरा उद्देश्य : संतोष राय
कार्यक्रम के आयोजक एवं मुख्य भूमिका निभाने वाले संतोष राय ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से गांव में खुशी और उत्साह का माहौल बनता है। गांव की परंपराओं और लोककलाओं को जीवित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वे ग्रामवासियों की खुशियों में सहभागी बनने और उनके सुख-दुख में साथ खड़े रहने के लिए सदैव समर्पित हैं।
अतिथियों का किया गया स्वागत
कार्यक्रम के दौरान नीतीश राय, जय प्रकाश राय, प्रवीर रंजन राय, शिवजी पासवान, पप्पू राय एवं अमित कुमार ने आगत अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। सभी के सहयोग से आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
महावीरी पूजा महोत्सव के तहत आयोजित इस दुगोला प्रतियोगिता ने खनिता गांव को उत्सव के रंग में रंग दिया। धार्मिक आस्था, भक्ति संगीत और पारंपरिक लोकगायकी के संगम ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments