Ad Code

चौसा स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर अनशन-प्रदर्शन, रेलवे यात्री संघर्ष समिति ने पांच सूत्री मांगों को लेकर बुलंद की आवाज, यात्री सुविधाएं बढ़ाने पर दिया जोर


बक्सर । चौसा रेलवे स्टेशन पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और बुनियादी यात्री सुविधाओं की बहाली एवं विस्तार को लेकर शुक्रवार को रेलवे यात्री संघर्ष समिति की ओर से अनशन-प्रदर्शन किया गया। समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार यादव के नेतृत्व में आयोजित आंदोलन में स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्र के लोगों ने भाग लेकर रेलवे प्रशासन से समस्याओं के समाधान की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि चौसा स्टेशन से बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन यात्रा करते हैं, लेकिन प्रमुख ट्रेनों का ठहराव नहीं होने और आवश्यक सुविधाओं की कमी के कारण यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है।




समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार यादव, अधिवक्ता सह पूर्व जिला पार्षद ने बताया कि आंदोलन के माध्यम से रेलवे प्रशासन के समक्ष पांच सूत्री मांगें रखी गई हैं। इनमें बक्सर-दीनदयाल उपाध्याय फास्ट पैसेंजर ट्रेन संख्या 03287/03288 का दोनों दिशाओं में चौसा स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करना प्रमुख है। इसके अलावा श्रमजीवी एक्सप्रेस, हावड़ा-अमृतसर मेल, मगध एक्सप्रेस और जनशताब्दी एक्सप्रेस का भी दोनों तरफ से ठहराव देने की मांग की गई है। उनका कहना था कि इन ट्रेनों का ठहराव मिलने से चौसा के साथ आसपास के दर्जनों गांवों के यात्रियों को लाभ मिलेगा और दूसरे स्टेशनों तक जाने की मजबूरी कम होगी।


बुनियादी सुविधाओं की कमी दूर करने की मांग

समिति ने स्टेशन परिसर में हाईमास्ट लाइट लगाने, डीलक्स शौचालय का निर्माण कराने, वातानुकूलित रिटायरिंग रूम उपलब्ध कराने और वाटर कूलर लगाने की मांग उठाई। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए कंप्यूटरीकृत आरक्षण प्रणाली शुरू करने पर भी जोर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विकास समय की जरूरत है। रेलवे प्रशासन को इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा का लाभ मिल सके।

इस मौके पर अधिवक्ता रामलखन पाल, अधिवक्ता अश्वनी वर्मा, अधिवक्ता रामचन्द्र मालाकार, मीर हमजा, पूर्व मुखिया रामभजन राम, पूर्व सरपंच इम्तियाज रजक, सिकरौल बीडीसी, भरत पांडेय, इंजीनियर नितेश उपाध्याय, सुधीर माली सहित कई दर्जन लोग मौजूद रहे।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu