बक्सर । त्योहारों के मौसम में रेलवे टिकटों की कालाबाजारी और अवैध दलाली पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रविवार को डुमरांव रेलवे आरक्षण केंद्र से एक कथित टिकट दलाल को गिरफ्तार किया। कार्रवाई ऑपरेशन ‘उपलब्ध’ के तहत गुप्त सूचना के आधार पर की गई। इस दौरान 7,600 रुपये मूल्य के स्लीपर श्रेणी के दो तत्काल आरक्षित टिकट, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और दो रेलवे आरक्षण मांग-पत्र जब्त किए गए।
आरपीएफ इंस्पेक्टर कुंदन सिंह ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री और दलाली के खिलाफ लगातार निगरानी एवं छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में रविवार को डुमरांव रेलवे आरक्षण केंद्र पर तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान गुप्त निगरानी की गई। इसके बाद आरपीएफ पोस्ट बक्सर की टीम ने छापेमारी कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान डुमरांव थाना क्षेत्र के टेक्सटाइल कॉलोनी, वार्ड संख्या दो निवासी बासुकीनाथ राय (26 वर्ष), पिता कुशलेश राय के रूप में हुई है। आरपीएफ के अनुसार, आरोपी पर आरक्षण केंद्र से अवैध तरीके से टिकट प्राप्त कर उन्हें अधिक कीमत पर बेचने और अनुचित आर्थिक लाभ कमाने का प्रयास करने का आरोप है।
इस मामले में आरपीएफ पोस्ट बक्सर में रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई करने वाली विशेष टीम में उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, उप निरीक्षक विष्णु शंकर ओझा, आरक्षी सोना लाल यादव, आरक्षी राहुल यादव तथा सीआईबी दानापुर के आरक्षी न्यूटन कुमार शामिल थे। आरपीएफ ने बताया कि रेलवे टिकटों की कालाबाजारी और अवैध दलाली के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments