प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत सात दिनों तक उपचार की सुविधा, मदद करने वाले नेक राहगीरों को 25 हजार रुपये तक का पुरस्कार
बक्सर । सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की जान बचाने और आर्थिक अभाव के कारण इलाज में होने वाली देरी रोकने के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री राहत योजना शुरू की है। इस योजना के तहत सड़क हादसे में घायल व्यक्तियों को अधिकृत अस्पतालों में डेढ़ लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराने का प्रावधान है। बक्सर जिले में इस सुविधा के लिए 13 सरकारी और निजी अस्पतालों को सूचीबद्ध किया गया है।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि योजना का उद्देश्य दुर्घटना के बाद के महत्वपूर्ण समय यानी ‘गोल्डन आवर’ में घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके तहत आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से जुड़े और योजना के लिए अधिकृत अस्पतालों में अधिकतम सात दिनों तक 1.50 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार कराया जा सकता है। मरीज को इलाज के लिए अग्रिम भुगतान नहीं करना होगा।
बक्सर के इन 13 अस्पतालों में मिलेगी सुविधा
जिले में सूचीबद्ध अस्पतालों में सदर अस्पताल बक्सर, अनुमंडल अस्पताल डुमरांव, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ब्रह्मपुर, नावानगर, सिमरी, राजपुर, चक्की, इटाढ़ी, चौगाईं और चौसा तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केसठ शामिल हैं। इसके अलावा दिव्यालोक चिकित्सा केंद्र और रेनेफोकेयर डायलिसिस प्राइवेट लिमिटेड, बक्सर को भी सूची में शामिल किया गया है।
घायल की मदद करने पर 25 हजार तक का पुरस्कार
योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कर अस्पताल पहुंचाने वाले नेक राहगीरों को प्रोत्साहित करने के लिए 25 हजार रुपये तक के पुरस्कार का भी प्रावधान है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दुर्घटना होने पर घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं और आपातकालीन सेवा 112 या पुलिस को सूचना दें।
अस्पताल में मरीज को भर्ती कर तत्काल उपचार शुरू किया जाएगा। इसके बाद टीएमएस 2.0 पोर्टल पर ट्रीटमेंट आईडी बनाई जाएगी। पुलिस दुर्घटना, वाहन की संलिप्तता और घायल की पहचान का सत्यापन करेगी, जिसके बाद योजना के तहत कैशलेस इलाज की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है। साथ ही वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने, नशे में वाहन नहीं चलाने तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments