किला मैदान के समीप रैन बसेरा परिसर में समाजसेवियों की पहल, हर दिन दोपहर 12 से 1 बजे तक जरूरतमंदों को मिलेगा भोजन
बक्सर । शहर के किला मैदान के समीप नगर परिषद द्वारा संचालित रैन बसेरा परिसर में बुधवार को गरीबों और जरूरतमंदों के लिए ‘माई की रसोई’ की शुरुआत की गई। नगर परिषद सभापति कमरून निशा के संयोजन में समाजसेवी ओम जी यादव एवं सुमित मानसिंहका की पहल पर शुरू हुई इस रसोई का उद्घाटन सीताराम विवाह महोत्सव आश्रम के महंत राजाराम शरण दास जी महाराज ने फीता काटकर किया। इस पहल के तहत अब जरूरतमंद लोगों को प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक महज 10 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
उद्घाटन के बाद महंत राजाराम शरण दास जी महाराज ने रसोई परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि भूखे व्यक्ति को भोजन कराना मानव सेवा का सबसे बड़ा कार्य है। जरूरतमंदों को सम्मान के साथ भोजन उपलब्ध कराने की यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने इसके संचालन से जुड़े समाजसेवियों को शुभकामनाएं दीं।
नगर परिषद सभापति कमरून निशा ने कहा कि जरूरतमंदों के लिए भोजन की व्यवस्था करना उनकी चुनावी कार्ययोजना का हिस्सा था। समाजसेवी ओम जी यादव एवं सुमित मानसिंहका के सहयोग से अब इस योजना को धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर परिषद की ओर से ऐसे जनहितकारी कार्यों में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
समाजसेवी सह रक्तवीर प्रियेश रंजन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महज 10 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराना नेक और पुनीत कार्य है। इससे समाज में सेवा और सहयोग की भावना मजबूत होगी।
दिन में भोजन के लिए भटकने वालों को मिलेगी राहत
समाजसेवी ओम जी यादव ने बताया कि बक्सरवासियों के सहयोग से रेलवे स्टेशन पर रोटी बैंक के माध्यम से पहले से ही प्रतिदिन रात में जरूरतमंदों को निःशुल्क भोजन कराया जा रहा है। इस दौरान ऐसे कई लोगों को देखा गया, जिन्हें दिन में भोजन के लिए भटकना पड़ता था। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए ‘माई की रसोई’ शुरू करने की योजना बनाई गई। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद भूखा न रहे और उसे सम्मान के साथ भोजन मिल सके।
कार्यक्रम में डॉ. श्रवण तिवारी, बबन सिंह, पंकज मानसिंहका, नियामतुल्ला फरीदी, सुरेश संगम, हरिशंकर गुप्ता, रंजन राय, उमेश कुमार, झब्बू जी और हिटलर कुशवाहा समेत कई वार्ड पार्षद, समाजसेवी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। ‘माई की रसोई’ की शुरुआत को शहर में सामाजिक सहभागिता और मानव सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments