बक्सर । पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सदर प्रखंड के उमरपुर गांव निवासी सौरभ राय अटल पिछले कई वर्षों से लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2016 में बड़े पेड़ों के पौधरोपण और संरक्षण का कार्य शुरू किया था। इसके बाद वर्ष 2021 से ग्रामीण इलाकों में पीपल के पौधे लगाने के अभियान को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं। इस कार्य में कई युवा साथी भी उनका सहयोग कर रहे हैं।
सौरभ राय अटल का कहना है कि आजकल लोग प्रायः अपने उपयोग और फायदे वाले पेड़ों का ही अधिक पौधरोपण करते हैं। ऐसे पेड़ भी प्रकृति के संरक्षण में योगदान देते हैं, लेकिन पीपल और बरगद जैसे बड़े पेड़ों की संख्या लगातार कम होती जा रही है।
उन्होंने बताया कि बुजुर्गों से सुनने को मिलता है कि पहले क्षेत्र में गिद्ध भी बड़ी संख्या में पाए जाते थे। बढ़ती मानव आबादी, गंगा के कटाव से कम होती जमीन और बड़े पेड़ों की घटती संख्या के कारण क्षेत्र में पर्यावरणीय बदलाव आया और गिद्धों का यहां से अस्तित्व लगभग समाप्त हो गया।
इसी चिंता ने उन्हें वर्ष 2016 में पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। अटल के अनुसार, अब तक उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में करीब 120 पीपल के पौधे लगाए हैं, जिनमें से 48 पेड़ वर्तमान में जीवित हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रकृति के संरक्षण के लिए पीपल, बरगद जैसे बड़े पेड़ों का अधिक से अधिक पौधरोपण करें और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जो लोग स्वयं यह कार्य नहीं कर पा रहे हैं, वे मोबाइल नंबर 8340236882 पर संपर्क कर अभियान से जुड़कर सहयोग कर सकते हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments