बक्सर । दिवाली और छठ जैसे महापर्व के बीच बक्सर जिले में जनवितरण प्रणाली के खाद्यान्न वितरण पर संकट गहरा गया है। 28 अक्टूबर तक जिले के करीब 20 प्रतिशत पीडीएस दुकानदारों को अक्टूबर माह का खाद्यान्न नहीं मिला है, जबकि लगभग 50 प्रतिशत दुकानदार नवंबर माह का खाद्यान्न मिलने के बाद ही अक्टूबर का वितरण पूरा कर सकेंगे। इससे हजारों राशन कार्डधारियों को त्योहार के दौरान राशन मिलने में परेशानी हो रही है।
पीडीएस दुकानदार अमरनाथ गुप्ता, संजय प्रसाद, शशिभूषण राय और आरती देवी के अनुसार, कई पंचायतों में खाद्यान्न आपूर्ति असमान बनी हुई है। एक ही पंचायत के चार दुकानदारों में तीन को राशन मिल चुका है, जबकि चौथे को अब तक इंतजार है। खाद्यान्न नहीं मिलने से लाभुकों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है और दुकानदारों को उनके आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है।
शुक्रवार से एसएफसी गोदामों से डोर स्टेप डिलीवरी शुरू की गई है, लेकिन अक्टूबर माह समाप्त होने के करीब पहुंचने के बावजूद आपूर्ति पूरी नहीं हुई है। दुकानदारों का कहना है कि नए राशन कार्ड बनने से मांग बढ़ी है। वहीं, गोदाम सूत्रों के मुताबिक एसएफसी गोदामों में भी मांग के अनुरूप खाद्यान्न उपलब्ध नहीं है। अतिरिक्त आवंटन नहीं मिलने से अक्टूबर और नवंबर की आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
10 नवंबर तक वितरण की तिथि बढ़ाने की मांग :
फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण चौबे ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को पत्र देकर अक्टूबर और नवंबर दोनों माह का खाद्यान्न शीघ्र उपलब्ध कराने तथा अक्टूबर माह के वितरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 नवंबर 2026 करने की मांग की है।
इधर, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी आलोक वत्स ने बताया कि जिला आपूर्ति पदाधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार खाद्यान्न का आवंटन प्राप्त है और वितरण किया जा रहा है। हालांकि, दुकानदारों की शिकायतों के बीच सभी पात्र लाभुकों तक समय पर राशन पहुंचाना चुनौती बना हुआ है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments