Ad Code

दिल्ली की रैली के लिए बक्सर कांग्रेस ने कसी कमर, 1 नवंबर को रामलीला मैदान में जुटेंगे कार्यकर्ता



जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में बैठक, चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और SIR के मुद्दे उठाने की तैयारी

बक्सर । नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आगामी 1 नवंबर 2026 को प्रस्तावित इंडिया गठबंधन की रैली को लेकर जिला कांग्रेस कमिटी, बक्सर ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सोमवार को गोलंबर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता एवं संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सह बक्सर प्रभारी विश्वारंजन मोहन्ति की मौजूदगी में रैली में जिले से नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी तथा दिल्ली प्रस्थान की रणनीति पर चर्चा हुई।


प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया का निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय होना जरूरी है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित रैली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और कथित वोट चोरी जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे।

उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर रैली में शामिल होने की अपील की। साथ ही कहा कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के लिए व्यापक सहभागिता जरूरी है।



बैठक में राष्ट्रीय सचिव विश्वारंजन मोहन्ति ने संगठन की सक्रियता बढ़ाने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने और रैली की तैयारियों को गति देने पर चर्चा की। जिला कांग्रेस कमिटी ने जिले से अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर प्रयास करने की बात कही।

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता कामेश्वर पांडे, उमाशंकर पांडे, राजारमन पांडे, प्रखंड अध्यक्ष राजा तिवारी, महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मला देवी सहित जिला कमिटी के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रेस वार्ता के माध्यम से पार्टी ने आगामी रैली को लेकर अपनी रणनीति साझा की और लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदाताओं के अधिकारों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाने की प्रतिबद्धता दोहराई।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu