रॉन्ग साइड, महाजाम और ब्लैक स्पॉट पर कार्रवाई की मांग; डीएम, एसपी व डीटीओ से की मुलाकात
बक्सर । जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों और महाजाम की समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता कृष्णा शर्मा ने प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और जिला परिवहन पदाधिकारी से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया तथा डीटीओ प्रशांत रमणिया को 16 सूत्री मांग-पत्र सौंपा।
ज्ञापन में NH-922 समेत प्रमुख मार्गों पर रॉन्ग साइड भारी वाहनों के परिचालन पर रोक, चौसा-बक्सर और कृष्णाब्रह्म-बक्सर गोलंबर मार्ग पर जाम से निजात, दुर्घटनास्थलों पर स्पीड लिमिट बोर्ड, रेडियमयुक्त संकेतक और ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण कराने की मांग की गई है।
कृष्णा शर्मा ने कुहासे के मौसम में विशेष सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील डिवाइडर कट पर पुलिस तैनाती, ढकाइच से पड़री तक सरकारी एम्बुलेंस तथा बालू लदे भारी वाहनों के व्यवस्थित परिचालन पर भी जोर दिया। इसके अलावा हिट एंड रन मामलों की जांच, वाहन चालकों की सुरक्षा और नियमित सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम करना होगा। उन्होंने मांग की कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक कर सभी मुद्दों पर समयबद्ध कार्ययोजना बनाई जाए और पूर्व में सौंपे गए ज्ञापन पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की जाए।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments