बक्सर । रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को बक्सर नगर के इटाढ़ी रोड स्थित स्व. कंचन देवी स्मृति कुंज, विश्वनाथ नगर परिसर में आसा पर्यावरण सुरक्षा बिहार की ओर से अनूठे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों ने पेड़-पौधों को राखी बांधकर उनके संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व आसा पर्यावरण सुरक्षा बिहार के संयोजक विपिन कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन के आधार हैं। तापमान और मौसम के स्वरूप में हो रहे दीर्घकालीन बदलाव को रोकने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने होंगे। सामूहिक प्रयासों से ही जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पेड़-पौधों का संरक्षण और देखभाल करना भी हम सभी का कर्तव्य है।
वहीं स्व. महंत सिंह स्मृति किसान हित समूह के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन के दिन पेड़-पौधों को राखी बांधकर पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लेना एक अनुकरणीय पहल है। उन्होंने कहा कि जीवन के सभी सामाजिक और धार्मिक संस्कारों के अवसर पर पौधारोपण और उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। तभी धरती पर जीवन और प्रकृति के संतुलन को सुरक्षित रखा जा सकता है।
कार्यक्रम में विजय प्रकाश सिंह, रोहित कुमार, चंदन कुमार सिंह, शमशाद खान, राजशेखर, शिक्षिका सविता कुमारी, ममतेश्वरी सिंह, नीलम कुमारी, पूनम सिंह, सुमंगल देवी, आनंद प्रकाश, शगुन प्रिया, पंखुड़ी, शिवांशिका सिंह सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पेड़-पौधों को रक्षा सूत्र बांधकर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बचाने का संकल्प लिया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments