बक्सर । अखिल भारतीय संस्कार भारती की जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार की शाम शहर के वीर कुंवर सिंह चौक स्थित आदर्श गोयल धर्मशाला में आयोजित की गई। बैठक में भारतीय कला, संस्कृति एवं संस्कारों के संरक्षण, संवर्धन और प्रसार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा संगठन के विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं और कला-साधकों ने संगठन को अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव दिए। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में भारतीय कला, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण की आवश्यकता पहले से अधिक महसूस की जा रही है। ऐसे समय में संस्कार भारती की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
सदस्यों ने कहा कि संस्कार भारती वर्षों से भारतीय संस्कृति की विभिन्न विधाओं को समाज तक पहुंचाने का कार्य कर रही है और भविष्य में इसकी गतिविधियों को और व्यापक बनाया जाएगा। बैठक में प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक संगठन का विस्तार करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए नए कार्यकर्ताओं और कला-साधकों को जोड़ने तथा युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर सहमति बनी।
वक्ताओं ने कहा कि संगठन से जितने अधिक लोग जुड़ेंगे, उतनी ही मजबूती से भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का प्रचार-प्रसार किया जा सकेगा। बैठक में आगामी दिनों में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, साहित्यिक गोष्ठियों, कला प्रदर्शनियों, संगीत एवं नृत्य आयोजनों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया।
सदस्यों ने सुझाव दिया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और बच्चों को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जाए तथा स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराया जाए।
जिला मंत्री अंकुर श्रीवास्तव ने कहा कि संस्कार भारती केवल एक सांस्कृतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की भावना से जुड़ा एक अभियान है। कला, संस्कृति और संस्कारों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
बैठक में अभिनव कुमार, निकेश पांडेय, अंकुर श्रीवास्तव, राकेश प्रधान सहित अन्य सदस्य एवं कला-साधक उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments