Ad Code

भाजपा ने मनाया डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस, कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प


बक्सर । भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई द्वारा भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को बलिदान दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय, अहिरौली में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।



कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने की। उन्होंने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहा। उन्होंने ‘एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे’ का नारा देकर देश की एकता के लिए संघर्ष किया और कश्मीर के पूर्ण विलय के उद्देश्य से अपने प्राणों का बलिदान दिया।

जिला अध्यक्ष ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के सपनों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार किया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे उनके सिद्धांतों और आदर्शों को आत्मसात कर विकसित भारत और विश्वगुरु भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।






श्रद्धांजलि सभा को वरिष्ठ कार्यकर्ता मिठाई सिंह, जिला मंत्री संध्या पाण्डेय, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष जय प्रकाश राय, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अविनाश पाण्डेय, नमो ऐप के संयोजक भास्कर सिंह तथा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष रुपेश दुबे सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में जिला कार्यसमिति के सदस्य, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, जिला मीडिया प्रभारी उमाशंकर राय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभा के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu