बक्सर । सदर विधानसभा क्षेत्र के दलसागर पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय (बालपर) के जर्जर और ध्वस्त भवन के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक आनंद मिश्रा से गुहार लगाई है। युवा समाजसेवी शुभम चौबे के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जासो रोड स्थित कमल सेवा केंद्र में आयोजित जनता दरबार में पहुंचकर विधायक को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कृषि कार्यों में बाधा बन रही बिजली समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया।
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि प्राथमिक विद्यालय दलसागर (बालपर) का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। विद्यालय की छत ढह गई है तथा दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ने के साथ कई हिस्से गिर चुके हैं। भवन की खतरनाक स्थिति को देखते हुए विद्यालय को मध्य विद्यालय तिवारीपुर में स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां शिक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। हालांकि विद्यालय दूर चले जाने के कारण नामांकित बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि अधिकांश अभिभावक मजदूर वर्ग से आते हैं और रोजी-रोटी के लिए दिनभर काम में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में छोटे बच्चों को प्रतिदिन दूर स्थित विद्यालय पहुंचाना उनके लिए संभव नहीं हो पा रहा है। साथ ही बच्चों के सड़क मार्ग से आने-जाने में दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि विद्यालय भवन का निर्माण वर्ष 2000 में कराया गया था। निर्माण के कुछ समय बाद ही भवन की दीवारों और छतों में दरारें आने लगी थीं। पिछले लगभग एक वर्ष से विद्यालय भवन पूरी तरह बंद पड़ा है और खंडहर में तब्दील हो चुका है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिला है।
ग्रामीणों ने विधायक से विद्यालय भवन की जांच कराकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को शीघ्र पुनर्निर्माण का निर्देश देने की मांग की है, ताकि गांव के बच्चों की पढ़ाई पुनः अपने ही विद्यालय में शुरू हो सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि विधायक उनकी समस्याओं का समाधान कराने की दिशा में पहल करेंगे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments