बक्सर । स्वर्गीय बाबू राजमोहन सिंह की 82वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाला बाबू राजमोहन सिंह मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट इस वर्ष भव्य और आकर्षक स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। यह प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिता 20 दिसंबर से 26 दिसंबर 2025 तक धरौली धाम स्थित जोगीबीर बाबा खेल मैदान में खेली जाएगी। टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन की तैयारियां व्यवस्थापक रंजीत कुमार सिंह की देखरेख में तेज़ी से चल रही हैं। मैदान की साफ-सफाई, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा अन्य सुरक्षा इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि प्रतियोगिता सुचारु और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता मनोज कुमार सिंह ने बताया कि इस आयोजन पर भगवान श्री हनुमान जी महाराज और कुलदेवी माता कराती की विशेष कृपा सदैव बनी रहती है। उन्होंने कहा कि यही आस्था और विश्वास इस टूर्नामेंट को वर्षों से सफलता की ऊंचाइयों तक ले जा रहा है।
जोगीबीर बाबा खेल मैदान को लेकर खिलाड़ियों में विशेष आस्था जुड़ी हुई है। स्थानीय मान्यता के अनुसार, जो खिलाड़ी जोगीबीर बाबा को प्रणाम कर मैदान में उतरता है, बाबा स्वयं खिलाड़ी बनकर उसकी टीम को विजय दिलाते हैं। इसी धार्मिक विश्वास के कारण यह मैदान जिले में अपनी अलग पहचान रखता है।
आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट की विजेता टीम को 5 लाख रुपये नकद, जबकि उपविजेता टीम को 2.5 लाख रुपये नकद पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे। बड़ी इनामी राशि के चलते जिले सहित आसपास के क्षेत्रों की कई मजबूत टीमें प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए तैयार हैं।
आयोजक मनोज कुमार सिंह ने कहा कि यह टूर्नामेंट केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच से जोड़ने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने क्षेत्र के खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments