Ad Code

जिला स्तरीय युवा उत्सव और विज्ञान मेला की तैयारियाँ शुरू, डीडीसी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


बक्सर । जिला स्तरीय युवा उत्सव व विज्ञान मेला को लेकर जिले में तैयारियाँ तेज हो गई हैं। शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) आकाश चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा, चयन प्रक्रिया और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कला, संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय विज्ञान मेला 02 दिसंबर 2025 को और युवा उत्सव 03 दिसंबर 2025 को राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, महदह में आयोजित किया जाएगा। इसके पूर्व अनुमंडल स्तरीय युवा उत्सव 28 नवंबर को +2 राज उच्च विद्यालय डुमरांव तथा नगर भवन बक्सर में तथा विज्ञान मेला 29 नवंबर को आयोजित होगा।



बैठक में डीडीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि ग्रामीण इलाकों के युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि कोई भी प्रतिभागी सीधे जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकेगा। इसके लिए पहले उन्हें अनुमंडल स्तर पर क्वालीफाई करना होगा। उन्होंने कहा कि चयनित प्रतिभागियों को राज्य सरकार द्वारा आयोजित बड़े कार्यक्रमों व समारोहों में मौका दिया जाएगा।

डीडीसी ने विभागीय मापदंडों के अनुसार विधावार प्रतिभागियों के चयन का निर्देश दिया। अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी को प्रचार-प्रसार कर प्रत्येक विधा से पाँच-पाँच प्रतिभागियों का चयन कर सूची जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को उपलब्ध कराने को कहा गया।


जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि वे जिले के कला संगठनों, कलाकारों और राज्य/राष्ट्रीय स्तर पर भाग ले चुके युवाओं से संपर्क कर चयन प्रक्रिया में शामिल करें। साथ ही चयन में संख्या के साथ-साथ गुणवत्ता को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया। जिले के सरकारी व निजी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों से भी उत्कृष्ट छात्रों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए।

युवा उत्सव में समूह लोक नृत्य, एकल लोक नृत्य, लोकगीत, शास्त्रीय गायन, शास्त्रीय वाद्य-वादन, हारमोनियम, शास्त्रीय नृत्य, कहानी लेखन, कविता, चित्रकला, वक्तृता, एकांकी नाटक, मूर्तिकला व छायाचित्र जैसी प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी।

प्रतिभागियों को सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए अपना आवेदन संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी विभागों को समय पर तैयारी पूर्ण करने का निर्देश दिया है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu