बक्सर । हिंदुस्तान अखबार के वरिष्ठ व अनुभवी पत्रकार संतोष सिंह अब हमारे बीच नहीं रहे। सन्तोष सिंह जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गाँव के निवासी थे। बीती रात सदर अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। बताया जाता है कि उनका निधन हृदयाघात (हार्ट अटैक) से हुआ। पहला अटैक उन्हें देर रात करीब 10 बजे तब आया जब वे एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने गए थे। अचानक सीने में तेज दर्द उठने पर परिजन व साथी उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल ले गए, जहां लगभग दो घंटे तक उनका इलाज चलता रहा।
चिकित्सकों ने बताया कि इलाज के दौरान स्थिति सामान्य होती दिख रही थी, लेकिन कुछ ही देर बाद अचानक उन्हें फिर से तीव्र दर्द शुरू हुआ और उनकी सांसें थम गईं। डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। अस्पताल के चिकित्सकों के मुताबिक हृदय में ब्लॉकेज के कारण उनकी मौत हुई।
संतोष सिंह के निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वे अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और तीन पुत्रियों को छोड़ गए हैं। परिवार का आर्थिक हाल भी काफी कमजोर बताया जा रहा है। माता-पिता के इकलौते पुत्र रहे संतोष सिंह ने उनके गुजरने के बाद संघर्षों के बीच परिवार की सारी जिम्मेदारियां अपने कंधों पर उठाई थीं।
पत्रकारिता जगत में उनकी पहचान मेहनती, ईमानदार और मिलनसार पत्रकार के रूप में थी। उनके निधन से स्थानीय मीडिया जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। सहकर्मियों ने इसे पत्रकारिता क्षेत्र की अपूरणीय क्षति बताया है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments