बक्सर । बरसात का मौसम जहाँ बड़े-बुजुर्गों के लिए बीमारियों का कारण बनता है, वहीं नवजात शिशुओं के लिए यह समय और भी संवेदनशील होता है। बक्सर नगर के बाईपास रोड स्थित माँ मुंडेश्वरी चाइल्ड हॉस्पिटल के निदेशक एवं सुप्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मेजर पी.के. पांडेय ने बरसाती मौसम में नवजात बच्चों की देखभाल को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
डॉ. मेजर पी.के. पांडेय ने बताया कि बरसात के दौरान वातावरण में नमी और गंदगी बढ़ने से सर्दी-जुकाम, डायरिया, मलेरिया, डेंगू और अन्य संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में नवजात शिशुओं को संक्रमण से बचाना सबसे बड़ी चुनौती होती है। उन्होंने कहा कि सबसे पहले बच्चों की स्वच्छता और साफ-सुथरे वातावरण पर ध्यान देना चाहिए। गीले कपड़े और डायपर समय पर बदलें तथा बच्चे को हमेशा सूखा और आरामदायक कपड़ा पहनाएँ।
उन्होंने विशेष रूप से मच्छरों से बचाव पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों को मच्छरदानी में सुलाएँ और घर के आसपास पानी जमा न होने दें। छोटे बच्चों के लिए माँ का दूध अमृत समान है, यह उन्हें रोगों से बचाने की क्षमता देता है। अतः स्तनपान को हर हाल में प्राथमिकता दें।
डॉ. पांडेय ने बताया कि बरसात के दिनों में भीड़-भाड़ से बच्चों को दूर रखना चाहिए और केवल साफ हाथों से ही बच्चे को गोद में लें। यदि बच्चे को तेज बुखार, खाँसी, सांस लेने में कठिनाई, बार-बार दस्त या उल्टी की समस्या हो, तो बिना समय गंवाए तुरंत शिशु रोग विशेषज्ञ से संपर्क करें।
उन्होंने कहा कि घर पर दवा देने की बजाय विशेषज्ञ से परामर्श लेना ही सुरक्षित है। साथ ही टीकाकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि थोड़ी-सी सतर्कता और समय पर उपचार से बच्चों को बरसाती बीमारियों से बचाया जा सकता है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments