Ad Code

भजापा के भीष्मपितामह कैलाशपति मिश्र को पद्मश्री या पद्मविभूषण देने की मांग, अमरेंद्र पांडेय ने स्मारक निर्माण का भी उठाया मुद्दा



बक्सर । बिहार में भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक नींव मजबूत करने में अहम भूमिका निभाने वाले पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र को मरणोपरांत पद्मश्री अथवा पद्मविभूषण से सम्मानित करने की मांग उठी है। कैलाशपति मिश्र स्मृति परिषद (रजि.), बक्सर ने केंद्र एवं राज्य सरकार से उन्हें देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान से अलंकृत करने के साथ ही उनकी स्मृति में भव्य स्मारक और तोरण द्वार के निर्माण की मांग की है।




इस संबंध में परिषद के संस्थापक अध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय एवं संस्थापक सचिव कन्हैया दुबे ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय तथा बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को औपचारिक मांग पत्र भेजा है। परिषद ने दोनों नेताओं से आग्रह किया है कि वे इन मांगों को प्रधानमंत्री एवं बिहार सरकार के संबंधित विभागों के समक्ष रखकर स्वीकृति दिलाने की पहल करें।



मांग पत्र में स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र के पैतृक गांव दुधारचक जाने वाले बक्सर-पटना फोरलेन से जुड़े मार्ग (पड़री मोड़) का नामकरण उनके नाम पर करने तथा वहां भव्य तोरण द्वार बनवाने की मांग की गई है। इसके अलावा बिहार में उनके नाम पर राजकीय सम्मान अथवा पुरस्कार स्थापित करने, बक्सर जिले में स्मृति स्थल विकसित करने और उनके जन्मस्थान पर भव्य स्मारक निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया है।

परिषद के पदाधिकारियों का कहना है कि स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र, समाज और संगठन की सेवा में समर्पित किया। उनका व्यक्तित्व एवं कृतित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे में उनकी जन्मभूमि बक्सर में उनकी स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने और उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने के लिए सरकार को पहल करनी चाहिए।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu