Ad Code

महावीर महोत्सव में खेल प्रतियोगिताओं का रोमांच, 5000 मीटर दौड़ में गाजीपुर के गोलू यादव बने विजेता


- नियाजीपुर में त्रिदिवसीय महोत्सव के दूसरे दिन दौड़, क्रिकेट और फुटबॉल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, ढकाइच ने जीता क्रिकेट का खिताब

बक्सर । महावीर पूजा समिति ट्रस्ट, नियाजीपुर के तत्वावधान में आयोजित त्रिदिवसीय महोत्सव-2026 के दूसरे दिन रविवार को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान 5000 मीटर शील्ड दौड़ सहित कई आयु वर्गों की दौड़ प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। क्रिकेट और अंतरराज्यीय फुटबॉल मुकाबलों को लेकर भी खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। वीर हनुमान के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वीर हनुमान जी की पूजा-अर्चना से हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि इंजीनियर नरेंद्र तिवारी तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता विजय कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर खेल प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना ट्रस्ट का उद्देश्य

ट्रस्ट के अध्यक्ष हृदयानंद पाठक ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और भाईचारे की भावना विकसित करते हैं। ट्रस्ट का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मंच मिले, जिससे वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

मुख्य अतिथि इंजीनियर नरेंद्र तिवारी ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उनमें संघर्ष, अनुशासन और टीम भावना विकसित करती हैं। धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के साथ खेलों को बढ़ावा देना समाज के लिए महत्वपूर्ण है।

दौड़ प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 800 मीटर दौड़ में दीपू चौहान ने प्रथम, हर्ष यादव ने द्वितीय और अंकित कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर सीनियर दौड़ में रंजय कुमार यादव प्रथम, फिरोज अली द्वितीय और अंजुम कुमार तृतीय स्थान पर रहे।



800 मीटर सीनियर दौड़ में सोनू पासवान ने पहला, अनुज निषाद चौधरी ने दूसरा और अभिषेक यादव ने तीसरा स्थान हासिल किया। 100 मीटर सीनियर दौड़ में आनंद कुमार पासवान प्रथम, अंकुश उपाध्याय द्वितीय और बिंदू पाठक तृतीय रहे।

1600 मीटर सीनियर दौड़ में भोला यादव ने प्रथम, आनंद कुमार ने द्वितीय और सोनू पासवान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग की 1600 मीटर दौड़ में चांदनी कुमारी प्रथम, श्वेता कुमारी द्वितीय और लक्की कुमारी तृतीय रहीं।

3000 मीटर सीनियर पुरुष दौड़ में भोला यादव ने बाजी मारी। सोनू पासवान दूसरे और रिंकू पाल तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, महिला वर्ग में चांदनी कुमारी प्रथम, लक्की कुमारी द्वितीय और श्वेता कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।

5000 मीटर दौड़ में गोलू यादव ने मारी बाजी

महोत्सव की प्रमुख प्रतियोगिताओं में शामिल 5000 मीटर शील्ड दौड़ में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी गोलू यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गाजीपुर के ही भोला यादव दूसरे स्थान पर रहे, जबकि सिमरी के सचिन यादव ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेताओं को शील्ड और कप देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा गोला फेंक, भाला फेंक, लंबी कूद और ऊंची कूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है।

क्रिकेट में ढकाइच की टीम बनी विजेता

क्रिकेट प्रतियोगिता में बड़का सिंहपुरा, नियाजीपुर, चक्की और ढकाइच की टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में ढकाइच ने नियाजीपुर को पीछे छोड़ते हुए विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। नियाजीपुर की टीम उपविजेता रही।

वहीं, अंतरराज्यीय फुटबॉल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के उजियार-भरौली और बिहार के बड़का राजपुर की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। इसमें उत्तर प्रदेश की टीम ने जीत दर्ज की।




ट्रस्ट के सदस्यों ने निभाई अहम भूमिका

कार्यक्रम का संचालन ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष मनोज कुमार पाठक ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष हृदयानंद पाठक, सचिव रविशंकर पाठक, डॉ. नवीन शंकर पाठक, अभय शंकर पाठक, लक्ष्मण ठाकुर, चंद्रकांत पाठक, मनबोध पाठक, परशुराम पाठक, अवध पाठक, त्रिलोकी नाथ पाठक, सुरेंद्र पाठक, डॉ. धनजी पाठक, शंभूनाथ पाठक, परमा साहनी, चित्तरंजन यादव, रविभूषण मिश्रा, विजय पाठक, जगनारायण यादव, प्रेम शंकर पाठक और आर्यन शंकर पाठक सहित अन्य सदस्यों एवं स्थानीय लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

महोत्सव के दूसरे दिन खेल प्रतियोगिताओं के साथ धार्मिक आस्था, सामाजिक सद्भाव और ग्रामीण संस्कृति का संगम देखने को मिला। आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं में खेल भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu