बक्सर । आगामी त्योहारों के मद्देनजर आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ रोकने के लिए प्रशासन सतर्क हो गया है। मंगलवार को वरीय अधिकारियों के निर्देश पर राजपुर, तियरा समेत आसपास के बाजारों में संचालित मिठाई दुकानों पर औचक जांच अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
अंचल अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह एवं राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों की संयुक्त टीम ने विभिन्न मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों को मिठाइयों के निर्माण और बिक्री में खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया गया।
सीओ डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान अधिक मुनाफा कमाने के लिए मिठाइयों में मिलावट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जांच के दौरान मिलावट या किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जांच अभियान केवल कुछ दुकानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि क्षेत्र की सभी मिठाई दुकानों की लगातार जांच की जाएगी, ताकि लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
प्रशासन ने आम लोगों से भी मिठाई खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की है। साथ ही किसी दुकान पर मिलावट या घटिया सामग्री के इस्तेमाल की आशंका होने पर तत्काल संबंधित विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की बात कही है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments