Ad Code

फिजियोथेरेपी की नियमित सुविधा बहाल करने को अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी, भूख हड़ताल की चेतावनी


बक्सर । डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में फिजियोथेरेपी की नियमित सुविधा बहाल करने की मांग को लेकर शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। समाजसेवी हरेकृष्ण सिंह यादव के नेतृत्व में धरनार्थी अपनी मांगों पर अड़े रहे। आंदोलन के दूसरे दिन भी प्रशासन की ओर से वार्ता के लिए कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। हालांकि, धरने का असर अस्पताल प्रबंधन पर दिखने लगा है। अस्पताल के फिजियोथेरेपी कक्ष में आनन-फानन में दो-तीन मशीनों का इंस्टॉलेशन कराया गया, लेकिन आंदोलनकारियों ने इसे महज खानापूर्ति करार दिया।



धरनार्थियों का कहना है कि अस्पताल को फिजियोथेरेपी के लिए जितनी मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं, उन सभी का विधिवत इंस्टॉलेशन कर नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। केवल कुछ मशीनें लगाकर सुविधा बहाल होने का दावा करना उचित नहीं है। जब तक सभी उपकरण चालू नहीं होंगे और मरीजों को नियमित फिजियोथेरेपी सेवा नहीं मिलने लगेगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मांगों पर ठोस पहल नहीं होने पर आंदोलनकारियों ने भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है।


धरनार्थियों ने अस्पताल की अन्य बुनियादी समस्याओं को भी आंदोलन में शामिल करने के संकेत दिए हैं। उनका आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टरों की कमी, विशेषज्ञ चिकित्सक के अभाव में लंबे समय से बंद अल्ट्रासाउंड सेवा और शौचालयों में गंदगी जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद उनका समुचित उपयोग नहीं किया जा रहा है। डॉक्टरों की कमी से मरीजों को इलाज में परेशानी होती है, वहीं अल्ट्रासाउंड जांच के लिए निजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है।

आंदोलनकारियों ने फिजियोथेरेपी की सभी मशीनों का इंस्टॉलेशन कर नियमित संचालन शुरू करने, चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, अल्ट्रासाउंड सेवा बहाल करने, डॉक्टरों की कमी दूर करने और शौचालयों की नियमित साफ-सफाई कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में धरातल पर सुधार नहीं होगा, तब तक धरना जारी रहेगा।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu