Ad Code

डुमरांव में उस्ताद बिस्मिल्ला खां संगीत कॉलेज की स्थापना से बढ़ा जिले का सांस्कृतिक गौरव, विधायक राहुल सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जताया आभार, युवाओं को मिलेगा उच्चस्तरीय संगीत प्रशिक्षण


बक्सर । बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी को संगीत एवं कला की परंपरा से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। भारत रत्न, शहनाई सम्राट उस्ताद बिस्मिल्ला खां की जन्मभूमि डुमरांव में उनके नाम पर संगीत महाविद्यालय की स्थापना को बिहार सरकार ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस निर्णय से न केवल बक्सर जिला, बल्कि पूरा बिहार गौरवान्वित हुआ है।


डुमरांव के जदयू विधायक राहुल सिंह ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह महाविद्यालय बिहार की कला, संस्कृति और संगीत परंपरा को संरक्षित करने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि उस्ताद बिस्मिल्ला खां ने शहनाई को वैश्विक पहचान दिलाई और भारतीय शास्त्रीय संगीत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिष्ठित किया। ऐसे महान कलाकार की स्मृति में स्थापित होने वाला यह महाविद्यालय आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।

विधायक राहुल सिंह ने बताया कि प्रस्तावित संगीत महाविद्यालय में शास्त्रीय संगीत, लोक संगीत, शहनाई, विभिन्न वाद्य यंत्रों के साथ-साथ कथक जैसी नृत्य विधाओं में उच्चस्तरीय शिक्षा प्रदान की जाएगी। इससे जिले के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण संगीत शिक्षा मिलने के साथ-साथ रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर भी सृजित होंगे।





उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व में बिहार सरकार शिक्षा, संस्कृति और युवा विकास के क्षेत्र में लगातार ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। राज्य मंत्रिपरिषद द्वारा ₹87.81 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति देकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने की दिशा में ठोस पहल की गई है।

अंत में विधायक राहुल सिंह ने कहा कि यह संगीत महाविद्यालय उस्ताद बिस्मिल्ला खां की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखते हुए डुमरांव और बक्सर को राष्ट्रीय सांस्कृतिक मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने जिलेवासियों एवं कला-संस्कृति प्रेमियों की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह महाविद्यालय बिहार की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाएगा।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu