बक्सर / ब्रह्मपुर । बुधवार की दोपहर ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के गायघाट दियर में खेत में काम कर रहे मजदूरों पर ठनका गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान रामजी बिंद (46 वर्ष), पिता स्व. भिखारी बिंद, ग्राम ओझवलिया टोला, पंचायत योगिया निवासी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, वह अपने गांव के अन्य मजदूरों के साथ खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी। ठनका सीधे मजदूरों पर गिरा, जिससे रामजी बिंद की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, पास में काम कर रहे प्रदीप बिंद (पिता- उतिल बिंद) और संतोष बिंद (पिता- सुदामा बिंद) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से ब्रह्मपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया।
गांव के लोगों ने बताया कि खेत में चार मजदूर काम कर रहे थे, तभी अचानक बारिश और गर्जन शुरू हो गई और यह हादसा हो गया। ग्रामीणों ने सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।मृतक रामजी बिंद की मौत की खबर सुनते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और ग्रामीण उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं।
थानाध्यक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और प्रशासन की ओर से प्राकृतिक आपदा राहत कोष से सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि खेतों और खुले मैदानों में काम करने वाले मजदूरों के लिए ठनका कितना घातक साबित हो सकता है। ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव हेतु प्रशासन से जनजागरूकता अभियान चलाने की भी मांग की है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






























0 Comments