बक्सर । जिले के सिमरी थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब एक किशोर को गोली मार दी गई। घटना एकौना और दुबौली गांव के बीच की है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, एकौना गांव निवासी हरेंद्र यादव के 17 वर्षीय पुत्र मनीष यादव को दुबौली गांव के रौनक तिवारी ने गोली मार दी। गोली मनीष के पेट में लगी है, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों ने उसे तत्काल जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक एक-दूसरे को पहले से जानते थे। घटना के समय मनीष बाइक से एकौना से दुबौली की ओर जा रहा था, जबकि रौनक अपने घर से एकौना की तरफ आ रहा था। रास्ते में दोनों की आमने-सामने मुलाकात हुई। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिससे नाराज होकर रौनक ने गुस्से में अपनी कमर से पिस्तौल निकालकर गोली चला दी। गोली सीधे मनीष के पेट में जा लगी और वह खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। वहीं, वारदात के बाद आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments