Ad Code

कैलाशपति मिश्र की पुण्यतिथि पर सियासी मंच से उठी टिकट की टीस, नित्यानंद राय के सामने बहु दिलमणि देवी ने जताई टिकट कटने की नाराजगी, कैलाशपति मिश्र की 14वीं पुण्यतिथि पर नेताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि, विकास और स्मारक निर्माण की हुई घोषणा



बक्सर । भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. कैलाशपति मिश्र की 14वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को बक्सर जिले के बड़का ढकाईच गांव में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा, लोजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य एवं ब्रह्मपुर विधानसभा के पूर्व एनडीए प्रत्याशी हुलास पांडेय ,भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन,महिला जिलाध्यक्ष कंचन देवी,भाजपा नेता अमरेंद्र पांडेय,भाजपा नेता अमित पांडेय,व्यवस्थापक युवानेता प्रिंस पीयूष सहित कई नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि कैलाशपति मिश्र केवल राजनेता नहीं, बल्कि 'सबका साथ, सबका विकास' की सोच के प्रतीक और संगठन निर्माण के शिखर पुरुष थे। वे समाज को अपने तक सीमित रखने के बजाय सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास करते थे। उनके पैतृक क्षेत्र के विकास को लेकर कार्यक्रम में घोषणाएं भी की गई हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में अब गोली और बोली की नहीं, बल्कि चरित्र की राजनीति होगी। बिहार का सम्मान और स्वाभिमान बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।

कृषि मंत्री ने चक्रवाती तूफान से फसलों को हुए नुकसान के सवाल पर कहा कि सरकार किसानों की क्षति का सर्वे कराकर हरसंभव मुआवजा देने का प्रयास करेगी। वहीं, पार्टी के अंदरूनी मामलों और विधान परिषद की सदस्यता को लेकर उठे सवालों पर उन्होंने टिप्पणी करने से परहेज किया।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कैलाशपति मिश्र को बिहार भाजपा का दधीचि बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन संगठन, देश और समाज के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। कहा कि विपक्ष के पास देश के विकास को लेकर कोई ठोस नीति नहीं है और वह जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रहा है।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि कैलाशपति मिश्र महामानव थे। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लेने से लेकर संगठन निर्माण तक अपना पूरा जीवन समाज और राष्ट्र को समर्पित किया। संघ के प्रचारक से लेकर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तक का उनका सफर प्रेरणादायक रहा। उनकी तपस्या का परिणाम है कि आज भाजपा गांव-गांव और जन-जन तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके सपनों के अनुरूप समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कैलाशपति मिश्र की जयंती को राजकीय समारोह के रूप में मनाने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार सरकार के प्रति आभार जताया।

मंच से दिलमणि देवी ने जताई नाराजगी :

कार्यक्रम के दौरान कैलाशपति मिश्र की बहू पूर्व विधायक दिलमणि देवी ने मंच से अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए टिकट कटने का दर्द बयां किया। उन्होंने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के प्रति भी नाराजगी व्यक्त की। दिलमणि देवी ने कहा कि उनसे क्षेत्र में काम करने और चुनाव में टिकट देने का आश्वासन दिया गया था। उन्होंने कहा कि टिकट नहीं मिलने का दुख उतना नहीं है, जितना आश्वासन देकर मुकर जाने का है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी को दोषी नहीं मानतीं, लेकिन जो बातें कही गई थीं, उनसे उम्मीद जरूर जगी थी।

इस मामले पर हुलास पांडेय ने कहा कि एनडीए में किसी तरह की खटास नहीं है। दिलमणि देवी के मन में चुनाव लड़ने को लेकर कुछ बातें थीं। उन्होंने कहा कि पुण्यतिथि का कार्यक्रम राजनीतिक चर्चा का मंच नहीं है। ऐसे अवसर पर जिले के गौरव और महान विभूति कैलाशपति मिश्र के योगदान को याद किया जाना चाहिए।




कैलाशपति मिश्र के नाम पर स्मारक और पद्म विभूषण की मांग :

हुलास पांडेय ने कहा कि कैलाशपति मिश्र के नाम पर भव्य स्मारक निर्माण, किसी महत्वपूर्ण स्थल का नामकरण और उन्हें पद्म विभूषण सम्मान देने की मांग की गई है। कार्यक्रम में मौजूद तीनों वरिष्ठ नेताओं ने इन मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इन मांगों को पूरा करने की दिशा में पहल होगी।

वहीं, सदर विधायक आनंद मिश्रा ने कहा कि मंच से की गई घोषणाओं पर उन्हें पूरा भरोसा है। कैलाशपति मिश्र को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने के साथ उनके जन्मस्थान पर ऐसी स्मृति विकसित की जाएगी, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी। पैतृक गांव को आदर्श ग्राम का दर्जा मिलने के बावजूद अपेक्षित विकास नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अब मंच से घोषणाएं हुई हैं, इसलिए भविष्य में विकास की दिशा में सकारात्मक पहल की उम्मीद करनी चाहिए।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu