बक्सर । रामरेखा घाट स्थित अनुमंडलीय पुस्तकालय को विद्यार्थियों के लिए बेहतर अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल तेज हो गई है। अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार के विशेष प्रयास और सहयोग से पुस्तकालय को सुविधायुक्त बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। इस पहल को सामाजिक सहयोग से मजबूती देने के लिए समाजसेवी रामजी सिंह ने भी अभियान की शुरुआत की है।
इसी कड़ी में बक्सर में रहकर शिक्षा प्राप्त करने के बाद वर्तमान में अंचलाधिकारी के पद पर कार्यरत अपर्णा ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयोगी कई महत्वपूर्ण पुस्तकें पुस्तकालय को भेंट की हैं। वहीं, बक्सर निवासी एवं वर्तमान में औरंगाबाद में नियोजन पदाधिकारी के पद पर कार्यरत सोनू जायसवाल ने पुस्तकालय के लिए पॉकेट पेपरवेट के साथ सौंदर्यीकरण और बेहतर वातावरण के उद्देश्य से गमलों सहित 10 मिनी प्लांट उपलब्ध कराए हैं।
समाजसेवी रामजी सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह पुस्तकालय खासकर उन विद्यार्थियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा, जो आर्थिक या अन्य कारणों से महंगे कोचिंग संस्थानों और अध्ययन केंद्रों का खर्च नहीं उठा सकते। किराए के छोटे-छोटे कमरों में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले सैकड़ों विद्यार्थियों को यहां निःशुल्क और बेहतर अध्ययन का माहौल मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए हमेशा बड़े आर्थिक सहयोग की जरूरत नहीं होती। एक पुस्तक, एक पौधा या विद्यार्थियों की जरूरत की छोटी-सी सामग्री भी किसी के भविष्य को बेहतर दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
रामजी सिंह ने अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार के प्रयासों की सराहना करते हुए पुस्तकें और अन्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अपर्णा एवं सोनू जायसवाल के प्रति आभार जताया। साथ ही बक्सर के अधिकारियों, व्यवसायियों, शिक्षित युवाओं और समाजसेवियों से अपील की कि वे पुस्तकालय को अपना समझकर इसके विकास में यथासंभव योगदान दें। कोई पुस्तकें उपलब्ध कराए तो कोई फर्नीचर, पंखा, पौधे अथवा विद्यार्थियों की जरूरत की अन्य सामग्री देकर इस अभियान का हिस्सा बने।
उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य पुस्तकालय को केवल किताबें पढ़ने का स्थान बनाना नहीं, बल्कि इसे बक्सर के युवाओं के सपनों, संघर्ष और सुनहरे भविष्य का मजबूत केंद्र बनाना है। समाज जब अपने विद्यार्थियों के साथ खड़ा होता है, तभी शिक्षित और सशक्त समाज की नींव मजबूत होती है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments