बक्सर । सिमरी प्रखंड के रामदास राय के डेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लालसिंह डेरा के सामने शुक्रवार को दर्दनाक हादसे में भैंस चराने गए एक किशोर और किशोरी की गंगा नदी के कोल में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव पानी से बरामद किए गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, टेकमन डेरा गांव निवासी धरभरन यादव की आठ वर्षीय पुत्री काजल कुमारी और किशुन बिहारी यादव का दस वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार दोपहर बाद घर से भैंस चराने के लिए बधार की ओर गए थे। इसी दौरान चरते-चरते भैंस पानी से भरे गंगा नदी के कोल में चली गई। मवेशियों को पानी से बाहर निकालने के लिए दोनों बच्चे भी कोल में उतर गए। पानी अधिक गहरा होने के कारण दोनों डूबने लगे।
हादसा देख आसपास मौजूद अन्य चरवाहों ने बच्चों को बचाने के लिए पानी में छलांग लगाई, लेकिन उनका तत्काल पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी गांव में पहुंचते ही हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के साथ स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और कोल में दोनों बच्चों की तलाश शुरू की। करीब एक घंटे के प्रयास के बाद दोनों के शव पानी से बाहर निकाले गए।
दोनों बच्चों की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments