बक्सर । बिहार विद्यालय रात्रि प्रहरी संघ के बैनर तले बुधवार को जिले के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत रात्रि प्रहरियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान रात्रि प्रहरियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए शिक्षा विभाग और सरकार से समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे रात्रि प्रहरियों ने कहा कि वे सरकारी विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। रात में विद्यालयों की सुरक्षा के लिए ड्यूटी करने के बावजूद उन्हें उचित मानदेय और आवश्यक सेवा सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। कम मानदेय के कारण परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल होता जा रहा है।
संघ के जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि राज्य के सरकारी विद्यालयों में आवश्यकता के अनुसार वर्षवार रात्रि प्रहरियों की नियुक्ति की गई है। रात्रि प्रहरी विद्यालयों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें श्रम कानून के अनुरूप न्यूनतम वेतन तक नहीं मिल रहा है।
उन्होंने मांग की कि रात्रि प्रहरियों से संबंधित नियमावली में आवश्यक संशोधन कर उनकी सेवा 60 वर्ष की आयु तक नियमित की जाए। सभी कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका का संधारण कराया जाए तथा पद सृजित कर उन्हें परिचारी अथवा निम्न वर्गीय लिपिक के पद पर समायोजित किया जाए।
संघ की ओर से सीएएफएमएस के माध्यम से ऑनलाइन और समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने, ड्यूटी के दौरान सुरक्षा के लिए आवश्यक सुरक्षा किट उपलब्ध कराने तथा कर्मचारियों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की भी मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान रात्रि प्रहरियों ने कहा कि विद्यालयों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने शिक्षा विभाग से मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल करने की अपील की।
मौके पर संघ के सचिव रविंद्र सिंह, नारद मुनि राय, राजीव रंजन यादव, मनोज कुमार सिंह, सरोज ओझा, गौरव ठाकुर, शिवानंद समेत बड़ी संख्या में रात्रि प्रहरी मौजूद रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments