ओलंपियाड की तैयारी के लिए 1 नवंबर से शुरू होगा क्रैश कोर्स, दिसंबर में स्कूलों में होंगे वार्षिक समारोह
बक्सर । जिले के सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन ने मिशन ज्ञानार्जन के तहत संचालित गतिविधियों में तेजी लाने का निर्देश दिया है। बुधवार को जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने और विद्यालयों में सकारात्मक वातावरण विकसित करने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त, वरीय उप समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा), प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, सीएम फेलो और विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे।
50 विद्यालयों में बनेंगे रीडिंग कॉर्नर
विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करने और पठन संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए जिले के 50 चयनित मॉडल विद्यालयों में रीडिंग कॉर्नर स्थापित किए जाएंगे। जिला पदाधिकारी ने संबंधित प्रधानाध्यापकों से समन्वय स्थापित कर मिशन कायाकल्प के तहत निर्धारित समय-सीमा में यह कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों के अलावा ज्ञानवर्धक पुस्तकों के अध्ययन के लिए प्रोत्साहित करना है।
ओलंपियाड के लिए 1 नवंबर से शुरू होगा क्रैश कोर्स
बैठक में बताया गया कि जिले के प्रत्येक प्रखंड से ओलंपियाड प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों का चयन कर लिया गया है। उनकी तैयारी को मजबूत करने के लिए एक नवंबर 2026 से चिह्नित विद्यालयों में क्रैश कोर्स शुरू होगा, जो लगभग 20 से 22 दिनों तक चलेगा। जिला पदाधिकारी ने क्रैश कोर्स समाप्त होने के बाद सभी प्रखंडों के विद्यार्थियों के बीच प्रतियोगिता आयोजित कराने और उनके प्रदर्शन के आधार पर प्रखंडवार रैंकिंग निर्धारित करने का निर्देश दिया।
किसान, मैकेनिक और कलाकार बच्चों को बताएंगे व्यावहारिक ज्ञान
विद्यार्थियों को किताबी शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान देने के उद्देश्य से सभी मॉडल विद्यालयों में स्थानीय ज्ञान दिवस आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक माह बैगलेस डे पर आयोजित शिक्षक-अभिभावक बैठक में स्थानीय स्तर पर किसान, मैकेनिक, कलाकार, आशा कार्यकर्ता और जीविका दीदियों सहित विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। वे विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे। इससे बच्चों में सामाजिक जागरूकता, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और जीवन की चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करने में मदद मिलेगी।
मानसिक स्वास्थ्य से लेकर एआई तक पर होंगे जागरूकता कार्यक्रम
बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) और मॉडल विद्यालयों में मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण से संबंधित गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि इन विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के फोटो और वीडियो निर्धारित व्हाट्सऐप ग्रुप में नियमित रूप से साझा किए जाएं। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी और सीएम फेलो को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने तथा गतिविधियों की प्रगति का आकलन करने को कहा गया।
इसके अलावा विद्यार्थियों को लैंगिक समानता, महिलाओं के प्रति सम्मान, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक किया जाएगा। साइबर बुलिंग और सोशल मीडिया के दुरुपयोग जैसे विषयों पर भी कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
दिसंबर में होंगे विद्यालयों के वार्षिक समारोह
जिले के विद्यालयों में दिसंबर माह में वार्षिक समारोह आयोजित किए जाएंगे। जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। समारोह को शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी के दिन आयोजित करने पर जोर दिया गया, ताकि विद्यार्थियों की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच मिल सके।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने मिशन ज्ञानार्जन के तहत निर्धारित सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, गतिविधियों की नियमित निगरानी करने और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को आपसी समन्वय से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्माण को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments