Ad Code

दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर बक्सर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 5 हजार से अधिक असामाजिक तत्वों पर निरोधात्मक कार्रवाई, पुराने अपराधियों को जिला बदर और CCA के तहत कार्यवाई शुरू



346 पूजा पंडालों पर रहेगी पुलिस की नजर, किला मैदान में रावण दहन के दौरान तैनात होंगे 200 से 250 अतिरिक्त बल

बक्सर । दुर्गा पूजा और दशहरा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए बक्सर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। जिले के 346 पूजा पंडालों में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्ती के साथ अस्थायी पुलिस बल भी तैनात किए गए हैं। पूजा पंडालों की सुरक्षा के लिए चौकीदारों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।

पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि सप्तमी, अष्टमी और नवमी को पूजा पंडालों एवं बाजारों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। बक्सर शहर में उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इसे देखते हुए यातायात व्यवस्था के लिए विशेष योजना बनाई गई है। यातायात संबंधी दिशा-निर्देश पहले जारी किए जा चुके हैं और उन्हें दोबारा प्रकाशित किया जाएगा।



महिला सुरक्षा पर विशेष जोर

महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए पुलिस दीदी की टीम सक्रिय रहेगी। सप्तमी, अष्टमी और नवमी को स्कूटी से पुलिस दीदी की टीम विभिन्न क्षेत्रों में गश्त करेगी। इसके अलावा हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे, जहां महिला पुलिस पदाधिकारी जरूरतमंद महिलाओं और युवतियों की सहायता करेंगी।

किला मैदान में विशेष सुरक्षा व्यवस्था

दशहरा के दिन किला मैदान में होने वाले रावण दहन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए वहां 200 से 250 अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। पुलिस अधिकारी निकासी द्वारों, बैरिकेडिंग और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। कार्यक्रम से पहले दोबारा निरीक्षण भी किया जाएगा। डुमरांव, मुफस्सिल और चौसा समेत अन्य स्थानों पर होने वाले दशहरा आयोजनों को लेकर भी प्रशासन आयोजकों के संपर्क में है।




5 हजार से अधिक असामाजिक तत्व चिह्नित

एसपी ने बताया कि जिले में पांच हजार से अधिक असामाजिक तत्वों के खिलाफ धारा 126 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। छेड़छाड़ और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले पूर्व के आरोपितों को भी चिह्नित किया गया है। ऐसे लोगों के खिलाफ जरूरत के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। कुछ के विरुद्ध जिला बदर और सीसीए के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया भी चल रही है।

सोशल मीडिया पर रहेगी निगरानी

अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को रोकने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष की टीम सोशल मीडिया पर लगातार नजर रखेगी। त्योहार के दौरान निगरानी और सख्त की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अफवाह से शांति व्यवस्था प्रभावित न हो।

एसपी शुभम आर्य ने जिलेवासियों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा एवं दशहरा मनाने की अपील की। उन्होंने बक्सर पुलिस की ओर से सभी लोगों को पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu