Ad Code

डॉ. श्रीकृष्ण सिंह जयंती समारोह का निमंत्रण देने बक्सर पहुंचे अखिलेश प्रसाद सिंह, 25 अक्टूबर को पटना में आयोजन


श्रीबाबू ने आधुनिक बिहार की रखी नींव, उनके पदचिह्नों पर चलने की जरूरत : डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह

बक्सर । आधुनिक बिहार के निर्माता और बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर 25 अक्टूबर को पटना के बापू सभागार में समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण देने पूर्व केंद्रीय मंत्री, बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह बक्सर पहुंचे। उन्होंने डॉ. श्रीकृष्ण सिंह को बिहार के विकास का शिल्पकार बताते हुए उनके योगदान को याद किया।



डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि श्रीबाबू ने बिहार को आधुनिकता की दिशा में आगे बढ़ाया। औद्योगिक विकास से लेकर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने तक उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा। उनके कार्यकाल में बिहार की प्रशासनिक व्यवस्था की सराहना तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने भी की थी। उन्होंने कहा कि श्रीबाबू सच्चे देशभक्त थे और महात्मा गांधी से प्रभावित होकर स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल हुए थे। आजादी की लड़ाई के दौरान उन्हें आठ वर्ष से अधिक समय तक जेल में रहना पड़ा।

उन्होंने कहा कि श्रीबाबू के नेतृत्व में जमींदारी प्रथा समाप्त करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए गए। उनके कार्यकाल में औद्योगिक विकास, शिक्षा और सिंचाई से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिली। बरौनी रिफाइनरी, बरौनी खाद कारखाना, सिंदरी खाद कारखाना, बोकारो स्टील प्लांट, विभिन्न शिक्षण एवं इंजीनियरिंग संस्थानों तथा कोसी परियोजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि श्रीबाबू की दूरदर्शिता ने बिहार के विकास की मजबूत नींव रखी। आज उनके विचारों और आदर्शों को अपनाने की जरूरत है।



उन्होंने बताया कि बक्सर से हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रीबाबू के विचारों के समर्थक जयंती समारोह में शामिल होते रहे हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जिले के लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है।

कार्यक्रम का मंच संचालन आयोजन समिति के संयोजक प्रो. शशि भूषण पांडेय ने किया। इस दौरान पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी, करगहर विधायक संतोष मिश्र, राजपुर के पूर्व विधायक विश्वनाथ राम, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन पांडेय, सूरज सिन्हा और पूर्व अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया।

मौके पर आयोजन समिति के सदस्य अमिताभ शरण, गगन मिश्र, डॉ. देविका मिश्र, विमल कुमार सिंह, निधि पांडेय, कामेश्वर पांडेय, प्रमोद ओझा, त्रिलोकीनाथ मिश्र, नीलू मिश्र, गोपाल शर्मा, शशांक दूबे, विभोर द्विवेदी, संतोष पांडेय और शुभम तिवारी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu