बक्सर । बक्सर सर्किट हाउस में शनिवार को जेएनयू के प्रो. देवेंद्र चौबे की बहुप्रतीक्षित पुस्तक ‘जलसमाधि’ का पाठ हुआ। भारत छोड़ो आंदोलन, 1942 की पृष्ठभूमि पर आधारित इस उपन्यास के प्रथम श्रोता बक्सर के बुद्धिजीवी बने।
पाठ के दौरान प्रो. चौबे ने कथकौली मैदान के युद्ध, सन्यासी बाबा और ग्रामीणों की आंदोलन में भागीदारी का जीवंत चित्रण प्रस्तुत किया। गोदी अहीर जैसे सामान्य क्रांतिकारियों के योगदान को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “गांधी की शक्ति उनकी नैतिकता थी।”
प्रो. चौबे अपनी रचनाओं के जरिए बक्सर के इतिहास, संस्कृति और परंपरा को साहित्य में सहेज रहे हैं। उनकी पुस्तक ‘1764 तथा अन्य कहानियां’ भी बक्सर के इतिहास पर केंद्रित है। इस संग्रह की कहानी ‘1764’ का अंग्रेजी अनुवाद मॉरीशस की लेखिका डॉ. देविना अक्षयवर ने 2016 में साहित्य अकादमी की पत्रिका ‘इंडियन लिटरेचर’ में प्रकाशित कराया था।
‘जलसमाधि’ आधार प्रकाशन, पंचकूला से शीघ्र प्रकाशित होगी। कार्यक्रम का संयोजन बक्सर स्कूल ऑफ हिस्ट्री के डॉ. शशांक शेखर ने किया। मौके पर भोजपुरी साहित्य मंडल के महासचिव डॉ. वैरागी प्रभाष चतुर्वेदी, मृत्युंजय सिंह, डॉ. शेखर, अभय तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। भोजपुरी साहित्य मंडल ने प्रो. चौबे के साहित्यिक सृजन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments