Ad Code

राम वन गमन और केवट प्रसंग के मंचन ने दर्शकों को किया भावविभोर, विजयादशमी महोत्सव के 11वें दिन सुदामा चरित्र का भी हुआ भावपूर्ण मंचन, भक्ति और मित्रता का मिला संदेश


बक्सर । श्रीरामलीला समिति, बक्सर के तत्वावधान में ऐतिहासिक किला मैदान में आयोजित 20 दिवसीय विजयादशमी महोत्सव के 11वें दिन सोमवार को श्रीधाम वृंदावन से आए श्री बाल कृष्ण रासलीला एवं रामलीला मंडल ने दो महत्वपूर्ण प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया। स्वामी मोहन श्याम भारद्वाज के निर्देशन में दिन में सुदामा चरित्र भाग-1 तथा देर रात श्रीराम वन गमन एवं केवट प्रसंग का मंचन हुआ।



श्रीराम वन गमन प्रसंग में मंत्री सुमंत रथ पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता को लेकर वन की ओर प्रस्थान करते हैं। शाम पांच बजे रामलीला मंच से निकला श्रीराम का रथ नगर भ्रमण करते हुए स्टेशन रोड स्थित कमलदह सरोवर पहुंचा। प्रसंग के मंचन के बाद रथ पुनः रामलीला मंच पर लौटा।

आगे की लीला में दिखाया गया कि वन में भगवान श्रीराम की भेंट निषादराज से होती है। प्रभु बरगद का दूध मंगाकर अपनी जटाएं बनाते हैं। यह देखकर मंत्री सुमंत भावुक हो उठते हैं और श्रीराम से अयोध्या लौटने की विनती करते हैं, लेकिन प्रभु उन्हें समझाकर वापस भेज देते हैं।




इसके बाद नदी पार करने के लिए भगवान श्रीराम केवट से नाव मांगते हैं। केवट प्रभु के चरणों की महिमा बताते हुए पहले उनके चरण पखारने की इच्छा व्यक्त करता है। अनुमति मिलने पर वह प्रभु के चरण धोता है और फिर नाव से नदी पार कराता है। इस भक्तिमय प्रसंग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

वहीं, दिन में मंचित सुदामा चरित्र भाग-1 में भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता को दर्शाया गया। गुरु सांदीपनि के आश्रम जाते समय सुदामा के पैर में कांटा चुभने पर श्रीकृष्ण उसे निकालते हैं, जिससे दोनों की मित्रता और प्रगाढ़ हो जाती है। आगे गुरुजी के आदेश पर दोनों वन से लकड़ियां लाने जाते हैं, जहां भूख लगने पर सुदामा श्रीकृष्ण के हिस्से के चने भी खा जाते हैं। इसी प्रसंग के आगे की कथा में सुदामा के जीवन में दरिद्रता आने का वर्णन किया गया।

दोनों लीलाओं के मंचन के माध्यम से कलाकारों ने श्रद्धालुओं को भक्ति, त्याग, समर्पण और सच्ची मित्रता का संदेश दिया।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu